भारत में एक बार फिर कोविड-19 के मामलों में उछाल देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बढ़ोतरी ओमिक्रॉन परिवार के JN.1 वैरिएंट और उससे जुड़े अन्य वैरिएंट्स के कारण हो रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि वह स्थिति की करीबी निगरानी कर रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं को तैयार रखने के लिए “सतर्क और सक्रिय” बना हुआ है।
अब तक 257 मामले, सभी राज्यों को अलर्ट
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2025 में अब तक भारत में कोविड-19 के 257 मामले सामने आ चुके हैं। मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अलर्ट करते हुए आवश्यक सावधानी और रोकथाम उपायों को अपनाने की सलाह दी है।
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा एक्टिव केस
महाराष्ट्र इस समय सबसे ज्यादा एक्टिव केस दर्ज कर रहा है। एक सप्ताह में राज्य में एक्टिव केस की संख्या 12 से बढ़कर 56 हो गई है। वहीं केरल और तमिलनाडु में भी संक्रमण के मामले बढ़े हैं।
इसके अलावा, कर्नाटक, गुजरात, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, और सिक्किम जैसे राज्यों में अभी केवल सिंगल-डिजिट मामले दर्ज किए गए हैं।
सरकार ने दी सतर्कता की सलाह
हालांकि मामलों की संख्या अभी कम है, लेकिन सरकार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। सभी राज्यों को जागरूकता बढ़ाने, कोविड उपयुक्त व्यवहार अपनाने, और स्वास्थ्य सेवाओं को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।