पटना, 7 अप्रैल 2025:
बिहार में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने आगामी 7 अप्रैल से 11 अप्रैल तक पटना समेत राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कई स्थानों पर तेज हवाएं, गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी हवाओं की सक्रियता और अन्य मौसमी घटकों के कारण राज्य में आर्द्रता (Humidity) में बढ़ोतरी हुई है, जिससे मौसम में यह बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व बिहार के अधिकतर जिलों में 10 से 30 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है।
विशेष रूप से किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, दरभंगा और मधुबनी जिलों में एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, सतही हवाओं की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले सप्ताह में बादल छाए रहने और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट तथा न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखने को मिल सकती है।
रविवार को सीतामढ़ी के पुपरी को राज्य का सबसे ठंडा शहर दर्ज किया गया, जहाँ न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, रोहतास के डेहरी को सबसे गर्म शहर घोषित किया गया, जहाँ अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।